न्यूज़

जीविका दीदियों ने थामी कलम: प्रथम की पहल पर नानी-दादी बनने की उम्र में दे रहीं मैट्रिक की मॉक टेस्ट
BBOSE से 10वीं पास करने का लिया संकल्प, वैशाली और मुजफ्फरपुर में 100 से अधिक दीदियां कर रहीं तैयारी

24CITYLIVE/डेस्क/बिहार: “जीविका दीदी चलीं शिक्षा की ओर…”— यह कहावत अब बिहार के धरातल पर सच साबित हो रही है। आज के दौर में शिक्षा पर सबका अधिकार है, चाहे वह बच्चा हो या बुजुर्ग। इसी सपने को साकार करने के लिए ‘प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन’ उन जीविका दीदियों का संबल बना है, जो कभी आर्थिक तंगी, पारिवारिक माहौल या संसाधनों के अभाव में अपनी 10वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी थीं।
रिमोट सेकंड चांस कार्यक्रम बना वरदान
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा बिहार के सभी जिलों में ‘रिमोट सेकंड चांस’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षा से वंचित दीदियों को 10वीं कक्षा की तैयारी कराकर अच्छे अंकों से उत्तीर्ण कराने का बीड़ा उठाया गया है।
इसी कड़ी में वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले की 100 से अधिक जीविका दीदियों ने अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू की है। मुजफ्फरपुर की फैसिलिटेटर नेहा श्री ज्ञान ने बताया कि यह कार्यक्रम दीदियों के लिए वरदान साबित हो रही है। जो दीदियां घर-परिवार के बोझ तले पढ़ाई की उम्मीद छोड़ चुकी थीं, वे अब समाज में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रही हैं।
नेहा श्री ज्ञान ने कहा कि नानी-दादी बनने की उम्र में भी दीदियों ने बिना किसी परवाह के पढ़ाई की शुरुआत की है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।


तैयारी को परखने के लिए हुआ 3 दिवसीय ‘प्री मॉक टेस्ट’
दीदियों में परीक्षा का डर खत्म करने और उनकी तैयारी का आकलन करने के लिए प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा तीन दिवसीय प्री मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। यह टेस्ट पूरी तरह बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) के पुराने पैटर्न पर आधारित था।

वैशाली जिला में मॉक परीक्षा देती जीविका दीदी


कहाँ-कहाँ आयोजित हुई परीक्षा:
वैशाली जिला: हाजीपुर स्थित डॉ. राम बालक रॉय कॉलेज में परीक्षा आयोजित हुई। इसमें कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी प्रेम कुमार और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। वैशाली में परीक्षा रिमोट इंस्ट्रक्टर मिशन कुमार की देखरेख में हुई।
मुजफ्फरपुर जिला: यहाँ मुखर्जी सेमिनरी स्कूल में परीक्षा ली गई, जिसे प्राचार्य त्रिपुरारी सिंह व उनकी टीम के सहयोग से संचालित किया गया।
इनका रहा सराहनीय सहयोग
इस मॉक टेस्ट को सफल बनाने में वैशाली जिले के लालगंज ब्लॉक (गुड़मिया पंचायत) की विद्या दीदी पूजा कुमारी, गोरौल ब्लॉक की विद्या दीदी मनीषा कुमारी और सहदेई बुजुर्ग ब्लॉक के एरिया कोऑर्डिनेटर विशाल कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button