न्यूज़

सजावट के सामान के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 38 लाख की विदेशी शराब जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

24CityLive/आदर्श सिंह/पटना। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्य निषेध विभाग लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में बुधवार (10 जून) को गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदारी चक (बिहटा-सरमेरा रोड) पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। ट्रक में शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले सजावट के सामानों के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप छिपाकर रखी गई थी।
हरियाणा से कटिहार जा रही थी खेप
मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में दोपहर करीब 2:50 बजे यह छापेमारी की गई। जब्त ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर- HR 39E 0141) से कुल 348 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है। कुल बोतलों की संख्या 8,700 है, जो कुल 3096.720 लीटर मापी गई है। बरामद शराब केवल ‘हरियाणा में बिक्री के लिए’ (For Sale in Haryana) मान्य थी, जिसे तस्करी कर बिहार लाया जा रहा था। बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप हरियाणा से बिहार के कटिहार ले जाई जा रही थी।
रोहतक का ड्राइवर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से ट्रक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बन्नी कुमार के रूप में हुई है, जो रोहतक (हरियाणा) का रहने वाला है। विभाग अब इस रैकेट के मुख्य नेटवर्क और कटिहार में शराब मंगाने वाले तस्करों का पता लगाने में जुट गया है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल थे:
अजीत कुमार (निरीक्षक, मद्य निषेध)
सोनम कुमारी (सब-इंस्पेक्टर – SI)
अंजीत पटेल एवं डब्लू कुमार (असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर – ASI)
अभिजीत, सुरेन्द्र, प्रदीप और संदीप (सिपाही)

Related Articles

Back to top button