पटना में बड़ी कार्रवाई: एक लाख रुपये रिश्वत लेते जानीपुर थाने के अपर थानाध्यक्ष गिरफ्तार

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना जिले के जानीपुर थाने में तैनात अपर थानाध्यक्ष ( संजय कुमार सिंह को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने यह कार्रवाई जानीपुर थाना क्षेत्र के बग्घा टोला में नहर के पूर्वी सड़क किनारे की, जहाँ आरोपी अधिकारी को रिश्वत की राशि के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में निगरानी थाना में कांड संख्या-056/26 दर्ज किया गया है।

यह मामला पटना के रुपसपुर थाना अंतर्गत विकास विहार कॉलोनी निवासी कौशल किशोर की शिकायत पर आधारित है। परिवादी ने ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन की सरकारी अमीन से माफी होने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्व वहां बाउंड्री नहीं करने दे रहे थे। उक्त जमीन पर बाउंड्री कराने में मदद करने के बदले में पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाध्यक्ष श्री अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया, जिसने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। ब्यूरो की टीम अब पकड़े गए अभियुक्त से पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही और अनुसंधान जारी है।


