पटना में बेखौफ बदमाश: कहीं थमाया कागज का बंडल तो कहीं ऑटो में उड़े गहने-कैश, दो बड़ी वारदातें

24CITYLIVE/पटना: राजधानी के पटना सिटी में अपराधियों और उचक्कों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की गश्ती और दावों को ठेंगा दिखाते हुए शातिरों ने पटना सिटी के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठगी और चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। पहली घटना चौक थाना क्षेत्र में बैंक के बाहर हुई, जहां एक व्यक्ति से ₹1.70 लाख ठग लिए गए। वहीं दूसरी घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र की है, जहां एक शातिर युवती ने ऑटो में महिला के गहने और कैश पार कर दिए।
मामला 1: ‘चाचा, 6 लाख का बंडल रख लो…’ और उड़ा लिए ₹1.70 लाख
स्थान:चौक थाना क्षेत्र (पंजाब नेशनल बैंक)
चौक थाना क्षेत्र के बेगमपुर निवासी जितेंद्र कुमार चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में ₹1,70,000 जमा करने गए थे। बैंक की डिपॉजिट मशीन खराब होने के कारण वो फॉर्म भरकर लाइन में लगे थे। इसी दौरान दो शातिर ठग उनके पास पहुंचे और उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसा लिया।
ऐसे दिया झांसा:ठगों ने जितेंद्र कुमार से कहा कि वे तगादा (उगाही) करके ₹6 लाख लेकर आए हैं और इसे उनके खाते में जमा करवा दें।
कागज का बंडल थमाया:शातिर ठग जितेंद्र कुमार को विश्वास में लेकर बैंक से बाहर आए। उन्होंने नोट के साइज के कागज के 12 बंडल एक थैले में रखे हुए थे। ठगों ने कहा, *”चाचा जी, इसमें 6 लाख रुपये हैं, चेक कर लीजिएगा। हम लोग गलत आदमी नहीं हैं।
हो गए रफूचक्कर: ठगों ने जितेंद्र कुमार को कागज का थैला थमाया और उनके हाथ से असली ₹1,70,000 लेकर रफूचक्कर हो गए। जब पीड़ित ने बंडल खोलकर देखा, तो उसके होश उड़ गए; अंदर सिर्फ रद्दी कागज भरे थे।
पुलिस का बयान:चौक थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़ित जितेंद्र कुमार की ओर से आवेदन मिला है। पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामला 2: दो बच्चों के साथ आई शातिर युवती, ऑटो में महिला के उड़ाए गहने

स्थान:अगमकुआं थाना क्षेत्र (भूतनाथ रोड)
दूसरी वारदात अगमकुआं थाना क्षेत्र की है, जहां ऑटो में सफर के दौरान एक महिला को निशाना बनाया गया। भूतनाथ रोड हाउसिंग कॉलोनी की रहने वाली रुक्मिणी सिंह छज्जूबाग में अपनी सहेली के यहां एक पार्टी से लौट रही थीं। मीठापुर से ऑटो पकड़कर वह छोटी पहाड़ी उतरीं और वहां से भूतनाथ रोड के लिए दूसरे ऑटो पर सवार हुईं।
ऑटो में हुई एंट्री: खेमनीचक के पास एक करीब 20 वर्षीय युवती अपने दो बच्चों के साथ उसी ऑटो में सवार हुई।
जूट के झोले से हैंडबैग साफ: कुछ दूर जाने के बाद रुक्मिणी सिंह ऑटो से उतर गईं और चालक को ₹100 देकर आगे बढ़ीं। जैसे ही उन्होंने अपने जूट के झोले को चेक किया, उनका हैंडबैग गायब था।
क्या-क्या हुआ चोरी:गायब हैंडबैग में ₹10,000 नगद, सोने की चेन और लॉकेट रखा हुआ था।
पुलिस का बयान:अगमकुआं थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि अज्ञात युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपी महिला की पहचान की जा सके।
24CityLive की अपील:बैंक या पब्लिक ट्रांसपोर्ट में किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और न ही किसी को अपने पैसे या कीमती सामान छूने दें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

