पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़: शिक्षक को गोली मारने वाले बदमाश का ‘हाफ एनकाउंटर

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना, 18 मई 2026:राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन देखने को मिला है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के भागवत नगर में बीते 13 मई की सुबह एक सरकारी शिक्षक, शंभू कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने छिनतई के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पटना पुलिस ने सोमवार की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर में बड़ी कार्रवाई की है, जहां पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।

पुलिस टीम पर की फायरिंग, आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पटना पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पुलिस को छिनतई और गोलीबारी की इस घटना में शामिल अपराधियों का इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने अपराधियों का पीछा किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम को चुनौती देते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस की गाड़ी के शीशे पर भी जा लगी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित और नियंत्रित कार्रवाई (Controlled Firing) करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो एक अपराधी के पैर में लगी।

मुख्य आरोपी घायल, दूसरा साथी भी गिरफ्तार
पैर में गोली लगने से घायल हुए मुख्य अपराधी की पहचान *संदीप उर्फ बादल* के रूप में हुई है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल दूसरे अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

हथियार और मोटरसाइकिल बरामद, खंगाला जा रहा इतिहास
पुलिस ने अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार (जिससे फायरिंग की गई थी) और लूट कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और यह पहले भी लूट व छिनतई के कई मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल, आस-पास के अन्य थानों से भी इसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।




