जहानाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी: हत्या और आर्म्स एक्ट का मुख्य आरोपी रौशन उर्फ रूखी पटना से गिरफ्तार, हथियार बरामद

24CITYLIVE/जहानाबाद/पटना: जहानाबाद जिला पुलिस को एक बड़ी आपराधिक घटना के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या और आर्म्स एक्ट के संगीन आरोपों में वांछित मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त रौशन कुमार उर्फ रूखी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 20 वर्ष है और वह परसबिघा थाना क्षेत्र के दरबारी बिगहा का रहने वाला है। वह घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला इसी साल फरवरी महीने का है। पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 की शाम को ग्राम नौरू में पूर्व के एक विवाद को लेकर रौशन कुमार उर्फ रूखी और उसके अन्य सहयोगियों ने मिलकर शैलेश कुमार (पिता स्वर्गीय अखिलेश यादव) को अचानक घेर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने अवैध देशी कट्टे से शैलेश कुमार के पेट में गोली मारकर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के क्रम में ही जख्मों के ताव न सहते हुए शैलेश कुमार की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी।
SIT का हुआ था गठन
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक शैलेश कुमार की माता के लिखित आवेदन के आधार पर परसबिघा थाना में कांड संख्या-52/26 (दिनांक 25.02.2026) के तहत भादवि की धारा-103(1)/3(5) एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP), जहानाबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम में परसबिघा के थानाध्यक्ष के साथ-साथ पुलिस जिला बल के अन्य अधिकारियों और तकनीकी शाखा (Technical Cell) के कर्मियों को शामिल कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई थी।
वैज्ञानिक अनुसंधान और छापेमारी से मिली सफलता
गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन और सटीक लोकेशन के आधार पर छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी रौशन कुमार उर्फ रूखी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त और छुपाकर रखे गए कई अवैध हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं।
जहानाबाद पुलिस के मुताबिक, इस मामले में संलिप्त अन्य फरार सह-अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
