अदालतगंज स्लम में 58 लोगों को मिला आयुष्मान कार्ड, कैंसर पीड़ित इंद्रजीत को मिली नई जिंदगी

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:अदालतगंज स्लम के निवासियों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड एक बड़ा सहारा बनकर सामने आया है। सोमवार को वार्ड नंबर 21 की पार्षद श्वेता रंजन ने स्लम क्षेत्र में रहने वाले 58 पात्र लाभार्थियों के बीच आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। इस विशेष शिविर का आयोजन सामाजिक संस्था ‘सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च’ (CFAR) के तकनीकी सहयोग से किया गया था।
इस मौके पर वार्ड पार्षद श्वेता रंजन ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य वार्ड के हर गरीब तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है ताकि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज न रुके। इस कार्ड की मदद से अब इन परिवारों को गंभीर बीमारियों की स्थिति में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा। उन्होंने आगे भी ऐसे कैंप लगाने की बात कही।
कैंसर से जंग जीत चुके इंद्रजीत बने मिसाल

पार्षद ने आयुष्मान योजना की ताकत का जिक्र करते हुए बताया कि स्लम के रहने वाले इंद्रजीत कुमार मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। आर्थिक तंगी की वजह से वह इलाज कराने में असमर्थ थे। मुहिम के तहत उनका आयुष्मान कार्ड बनवाया गया, जिसके बाद पटना के IGIMS अस्पताल में उनका सफल और मुफ्त इलाज हुआ। आज इंद्रजीत पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जागरूकता फैलाकर संस्था ने बनवाए कार्ड
सीफार (CFAR) प्रतिनिधि ने बताया कि जागरूकता की कमी के कारण कई लोग इस लाभ से वंचित थे। संस्था ने घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाए और लोगों के कार्ड बनवाए। इस दौरान कम्युनिटी मोबिलाइजर अरविंद कुमार सहित लाभार्थी रागिनी कुमारी, सुनीता कुमारी, कांता देवी, अनिता कुमारी, निर्मला देवी, राजू पासवान, प्रीति कुमारी और अनुराग कुमार समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

