खाजेकलां थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया कांड का उद्भेदन

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा के समीप दुर्गा पूजा जुलूस के दौरान हुई एक 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत अन्य संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है।

क्या थी पूरी घटना?

पटना सिटी द्वितीय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएसपी शिव शंकर कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गा पूजा जुलूस के दौरान डीजे पर गाना बजाने और नाचने को लेकर कुछ लोगों के बीच मामूली विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा के समीप कुंदन कुमार (22 वर्ष) नामक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार और पुलिस की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूत्रों की मदद से महज 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया।

पुलिस के अनुसार, इस कांड का मुख्य आरोपी सूरज चौधरी उर्फ कट्टा , जो कि दुंदी बाजार थाना चौक का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी इसी जुलूस का हिस्सा था और उसी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ फरार चल रहा था।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अब तक इस घटना में कुल 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें से एक विधि विरुद्ध बालक को पूर्व में ही निरुद्ध किया जा चुका है, एक अन्य की गिरफ्तारी पहले हुई थी और अब मुख्य आरोपी सहित अन्य की गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।