पटना सिटी:शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर श्री श्री भारत माता पूजा समिति (नवयुवक संघ), झाऊगंज पीतल महादेव द्वारा भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवमी की रात को वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच मां भारत माता की दिव्य एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई।
प्रतिमा स्थापना के साथ ही पूजा पंडाल और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पट खोल दिए गए, जिसके बाद माता के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
विशाल महाभंडारे व महाप्रसाद का आयोजन
महानवमी के इस विशेष अवसर पर समिति की ओर से एक भव्य महाभंडारे एवं महाप्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से आए सैकड़ों लोगों ने भक्तिभाव से महाप्रसाद ग्रहण किया। समिति के कार्यकर्ताओं ने मुस्तैदी से व्यवस्था संभालते हुए सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का सुचारू रूप से वितरण कराया।
समिति एवं नवयुवक संघ की सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री श्री भारत माता पूजा समिति एवं नवयुवक संघ के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी झाऊगंज पीतल महादेव में महानवमी पर भक्ति, श्रद्धा और सेवा भाव का यह अनूठा संगम देखने को मिला है।
रातभर चले इस भक्तिोत्सव में दीपों की रोशनी, भजनों की गूंज और जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने देश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए भारत माता से प्रार्थना की।



