हिंदी और अंग्रेजी, दो भाषाओं में प्रकाशित हुई 184 पृष्ठों की विशेष पुस्तक; कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया संस्करण, जल्द ही अन्य भारतीय भाषाओं में भी होगा प्रकाशित।
24CITYLIVE/पटना। संविधान दिवस के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में देश में पहली बार तैयार किए गए ‘भारत का संविधान-बाल संस्करण’ का लोकार्पण किया गया। बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने इस विशेष पुस्तक का विधिवत विमोचन किया। इस पहल को बच्चों और आम नागरिकों के बीच भारतीय संविधान की समझ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुस्तक तैयार करने का मुख्य उद्देश्य देश के सर्वोच्च कानून यानी भारतीय संविधान को सरल, सहज और बाल-मैत्रीपूर्ण भाषा में प्रस्तुत करना है, ताकि स्कूली विद्यार्थी कम उम्र से ही संविधान की मूल भावना, अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकें।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि आज का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक है, क्योंकि संविधान दिवस के अवसर पर ‘भारत का संविधान-बाल संस्करण’ का लोकार्पण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को भारतीय संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी होना नितांत आवश्यक है। लोकतंत्र की मजबूती केवल संवैधानिक संस्थाओं से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों से भी सुनिश्चित होती है। नागरिकों को संविधान को महज कानून की एक पुस्तक के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे अपने जीवन, व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारियों का मार्गदर्शक मानना चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों के भीतर छात्र जीवन से ही संविधान के प्रति समझ, जागरूकता और सम्मान विकसित होना चाहिए। इसके लिए आवश्यक था कि संविधान जैसे गंभीर और विस्तृत विषय को बच्चों की समझ के अनुरूप सरल भाषा में प्रस्तुत किया जाए। इसी सोच के तहत एक सार्थक और अलग पहल की आवश्यकता महसूस हुई, जिसका परिणाम आज ‘भारत का संविधान-बाल संस्करण’ के रूप में सबके सामने है। उन्होंने इस प्रयास को आने वाली पीढ़ियों को संविधान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
इस विशेष बाल संस्करण के संपादक एवं पटना हाईकोर्ट के उप निबंधक श्री राजेश कुमार दूबे ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान की यह बाल-मैत्रीपूर्ण प्रस्तुति आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संविधान से गहराई से जोड़ने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि संविधान को अक्सर एक जटिल कानूनी दस्तावेज के रूप में देखा जाता है, जिसे समझना सामान्य पाठकों और विशेषकर बच्चों के लिए आसान नहीं होता। इसी कठिनाई को दूर करने के उद्देश्य से इस पुस्तक को तैयार किया गया है। इसमें संविधान को किसी दूरस्थ या जटिल कानूनी दस्तावेज के रूप में नहीं, बल्कि भारत में नागरिक जीवन के लिए एक सरल, सहज और व्यावहारिक मार्गदर्शक ढांचे के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक के सह-संपादक श्री मुरली मनोहर श्रीवास्तव और श्री संकेत साह ने पुस्तक की विशेषताओं और इसकी तैयारी से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि 184 पृष्ठों की इस विशेष पुस्तक को कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों की समझ और उम्र को ध्यान में रखते हुए बेहद आसान भाषा एवं रोचक तरीके से तैयार किया गया है। हालांकि, यह पुस्तक केवल स्कूली बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है। इसके माध्यम से आम नागरिक भी अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और जनसामान्य से जुड़े संवैधानिक नियमों को आसानी से समझ सकेंगे।
सह-संपादकों ने बताया कि फिलहाल इस पुस्तक का लोकार्पण हिंदी और अंग्रेजी, दो भाषाओं में किया गया है। इसके साथ ही प्रयास किया जा रहा है कि देश के प्रत्येक प्रांत के लोग इसे अपनी मातृभाषा में पढ़ सकें। इसी उद्देश्य से जल्द ही इसे अन्य भारतीय भाषाओं में भी प्रकाशित करने की तैयारी चल रही है। इससे देश के अलग-अलग राज्यों के विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक संविधान की सरल जानकारी उनकी अपनी भाषा में पहुंचाई जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तक को तैयार करने के दौरान सबसे अधिक ध्यान इस बात पर दिया गया है कि भारतीय संविधान की मूल भावना, वास्तविक संरचना और संवैधानिक प्रावधानों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो। संविधान की मूल विषयवस्तु को यथावत रखते हुए केवल उसकी प्रस्तुति और भाषा को बच्चों की समझ के अनुरूप सरल बनाया गया है। पुस्तक में संविधान के विभिन्न भागों, अध्यायों और अनुच्छेदों के साथ मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नागरिकता, संसद, न्यायपालिका तथा भारत की लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली को अत्यंत सरल और स्पष्ट तरीके से समझाया गया है।
पुस्तक की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसके अंतिम हिस्से में प्रमुख संवैधानिक और कानूनी शब्दों की परिभाषाओं के साथ एक विशेष शब्द संग्रह भी जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य उन कठिन शब्दों और संवैधानिक शब्दावलियों को आसान बनाना है, जिनका अर्थ सामान्य तौर पर बच्चों और आम पाठकों को समझने में परेशानी होती है। इस शब्द संग्रह की मदद से पाठक कठिन कानूनी और संवैधानिक शब्दों का अर्थ आसानी से समझ सकेंगे। इससे पुस्तक को पढ़ना और संविधान के विभिन्न प्रावधानों को समझना अधिक सरल होगा।
कुल मिलाकर, ‘भारत का संविधान-बाल संस्करण’ बच्चों को संविधान की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक सोच, नागरिक जिम्मेदारियों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यदि इस पुस्तक को शैक्षणिक स्तर पर विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाता है, तो यह आने वाली पीढ़ियों को संविधान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में उपयोगी साबित हो सकती है।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक सेवा से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद आर. के. झा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



