24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना। डिजिटल युग में लाइव स्ट्रीमिंग ऐप्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। UP Live, Vino और इस तरह के कई अन्य लाइव स्ट्रीमिंग ऐप्स के माध्यम से देश-विदेश के लाखों लोग एक-दूसरे से जुड़ रहे हैं। इन प्लेटफॉर्मों पर डांस, मनोरंजन, गायन और बातचीत के लाइव सेशन आयोजित होते हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और युवा भी इनसे जुड़ते हैं।
इन ऐप्स पर उपयोगकर्ताओं को लाइव प्रसारण, आपसी बातचीत और वर्चुअल गिफ्ट एवं रिचार्ज जैसी सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन सवाल यह है कि इन प्लेटफॉर्मों का संचालन कौन कर रहा है, उपयोगकर्ताओं की पहचान का सत्यापन किस प्रकार होता है और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?
इन ऐप्स के माध्यम से अनजान लोगों के बीच संपर्क स्थापित होने के कारण महिलाओं की निजता, व्यक्तिगत जानकारी और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। कुछ मामलों में दोस्ती के बहाने मोबाइल नंबर हासिल करने, निजी बातचीत के जरिए विश्वास जीतने और बाद में निजी जानकारियों का दुरुपयोग करने की आशंका रहती है।
इसके अतिरिक्त इन प्लेटफॉर्मों पर होने वाले हजारों और लाखों रुपये के रिचार्ज का स्रोत, वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता तथा ऐप संचालक कंपनियों की जवाबदेही की भी जांच होनी चाहिए।
संबंधित साइबर सुरक्षा एजेंसियों और सरकारी विभागों से मांग है कि देश में संचालित ऐसे सभी लाइव स्ट्रीमिंग ऐप्स की कार्यप्रणाली, पहचान सत्यापन, वित्तीय गतिविधियों और डेटा सुरक्षा की समीक्षा की जाए। महिलाओं एवं नाबालिगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी और शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सवाल यह है कि जब ऐसे लाइव स्ट्रीमिंग ऐप्स के माध्यम से देश-विदेश के लाखों लोग जुड़ रहे हैं और बड़ी मात्रा में आर्थिक लेन-देन हो रहा है, तो इनकी जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार के पास क्या निगरानी व्यवस्था है?



