24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज तख्त श्री पटना साहिब में मत्था टेककर राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की और इसके बाद आयोजन से जुड़ी तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, पूर्व मुख्य सचिव श्री जी०एस० कंग, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेल (हाजीपुर) के महाप्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव व सचिव उपस्थित रहे। इसके साथ ही तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह, उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह, सचिव सरदार हरबंस सिंह, सरदार महेंद्रपाल सिंह ढिल्लों, तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पूरी कार्ययोजना सामने रखी।
बैठक के दौरान बताया गया कि प्रकाश पर्व के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 09 जनवरी से 16 जनवरी 2027 तक किया जाएगा, जिसकी थीम 'बिहार है तैयार, जी आया नूं' रखी गई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में आवासन की व्यवस्था करते हुए लगभग 20 हजार लोगों के ठहरने की सुविधा विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और ठंड के मौसम को देखते हुए विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजाम समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके तहत हृदय रोग विशेषज्ञों सहित आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए पटना साहिब, गुलजारबाग, पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके अलावा यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने और कोलकाता से वाटर मेट्रो किराये पर लेने पर विचार करने को कहा गया है। विशेष बसों का परिचालन, कॉम्फेड द्वारा पर्याप्त दूध एवं दही की आपूर्ति, चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट और चेकपोस्ट जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्यमंत्री और प्रबंधक कमेटी ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस आयोजन को 350वें प्रकाश पर्व की तर्ज पर अविस्मरणीय और भव्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया।



