24CITYLIVE/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजा पाकड़ स्थित जाफर पट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित जनसभा को लेकर एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के एनडीए कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक अरोरा हाउस में आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन हम सभी के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। आगामी 21 नवंबर को वैशाली में आयोजित होने वाली उनकी जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और आम लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए उन्होंने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा की जानकारी दें और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें।
उन्होंने विशेष रूप से भाजपा बिहार प्रदेश की ओर से उपलब्ध कराए गए आमंत्रण पत्रकों को लोगों तक पहुंचाने और जनसभा के संबंध में व्यापक स्तर पर संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना सभी एनडीए कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए क्षेत्र के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
बैठक के दौरान जनसभा में लोगों की भागीदारी, क्षेत्रवार जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों के समन्वय जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की प्रस्तावित वैशाली जनसभा को लेकर अपनी तैयारियों को गति देने तथा अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से रूप नारायण मेहता, आसिफ कमाल, अनंत अरोड़ा, संजय सिसोदिया, राजकुमार पटेल, प्रमोद गुप्ता, पूनम सिंह, पप्पू मेहता, संजय पासवान, संजय सिंह, सुरेश पटेल, अवधेश कुमार, रेवायंशु और मनोज मेहता सहित पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जनसंपर्क अभियान चलाने और 21 नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा में पटना साहिब क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।



