अभियान बसेरा का लक्ष्य पूरा करने के लिए अंचलाधिकारियों को 24 घंटे की मोहलत, लापरवाही पर शो कॉज और वेतन स्थगित करने की चेतावनी
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:पटना जिले के सरकारी संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उनकी अध्यक्षता में आयोजित जिलास्तरीय साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और जन शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कायाकल्प अभियान के तहत सरकारी संस्थानों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें।
कायाकल्प अभियान से सरकारी संस्थानों की बदलेगी तस्वीर
बैठक में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य सरकारी संस्थानों की मरम्मती एवं मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अपने अधीनस्थ संस्थानों की स्थिति बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर काम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कायाकल्प अभियान जिले के जनोपयोगी सरकारी संस्थानों को बेहतर और सुविधाजनक बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से व्यापक स्तर पर मरम्मती एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। सभी विभाग इस अभियान को गंभीरता से लें और संस्थानों को सुव्यवस्थित बनाएं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जन शिकायतों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निष्पादन केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं होना चाहिए। प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। वरीय पदाधिकारी निष्पादित आवेदनों की नियमित जांच करें और यह देखें कि संबंधित आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं।
उन्होंने जिला एवं विभिन्न स्तरों पर प्राप्त जन शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही लंबित न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन और नियमित अनुश्रवण पर जोर दिया।
अभियान बसेरा में खराब उपलब्धि पर डीएम सख्त, 24 घंटे का अल्टीमेटम
अभियान बसेरा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम उपलब्धि पर कड़ी नाराजगी जताई। पटना जिले के लिए इस अभियान के तहत कुल 1,709 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारियों को 24 घंटे का अंतिम मौका दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अंचलाधिकारी अपने-अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अंचलाधिकारियों से शो कॉज किया जाएगा और उनका वेतन स्थगित करने की कार्रवाई की जाएगी।
घरेलू गैस पाइपलाइन कनेक्शन देने में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में गेल (GAIL) इंडिया लिमिटेड की ओर से बिछाई जा रही घरेलू गैस पाइपलाइन और गैस कनेक्शन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संवेदकों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की तत्काल मरम्मती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
पटना मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मती
पटना मेट्रो के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क मरम्मती को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से राजेंद्र नगर टर्मिनल और समाहरणालय के सामने निर्माण कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



