जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने दीघा घाट पहुंचकर सफाई कार्यों का लिया जायजा, घाटों की हो रही डीप क्लीनिंग
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना, 17 नवंबर 2026: छठ महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन के बाद गंगा घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पटना नगर निगम की ओर से मेगा सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गंगा किनारे स्थित सभी 21 सेक्टरों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। सेक्टर पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में नगर निगम की टीमें घाटों की डीप क्लीनिंग यानी गहन सफाई में जुटी हैं।
इस विशेष अभियान में पाटलिपुत्र, बांकीपुर, पटना सिटी, अजीमाबाद एवं नूतन राजधानी अंचल के कुल 350 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। सफाई कार्य में जेसीबी, हाईवा, क्लोज टिपर एवं स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक मशीनों की मदद ली जा रही है। छठ पूजा के दौरान घाटों पर फैले कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों की सफाई, ड्रेसिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है।
मेगा सफाई अभियान का जायजा लेने जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा दीघा घाट पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सफाई अभियान में भाग लिया और मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सफाई अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी घाटों की सफाई पूरी तत्परता एवं निरंतरता के साथ सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने आगामी कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के अंदर पहले से की गई बैरिकेडिंग को यथावत रखा जाए और उसे और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
वहीं, नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि दानापुर से पटना सिटी तक गंगा किनारे स्थित सभी घाटों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। केवल गंगा घाट ही नहीं, बल्कि जिन पोखरों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों में छठ पूजा आयोजित की गई थी, वहां भी विशेष सफाई कराई जा रही है। नगर निगम की टीमें लगातार कूड़ा-कचरा संग्रहण एवं उसके समुचित निस्तारण में लगी हुई हैं।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने आम नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियों, पोखरों एवं अन्य जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा अथवा पूजन सामग्री नहीं फेंकें। इसके लिए निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें। गंगा एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के बाद गंगा घाटों को फिर से स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ आगामी कार्तिक पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।



