
24CITYLIVE/पटना। राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय नरकट घाट, गुलजारबाग में कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि पटना नगर निगम के पूर्व महापौर मोहम्मद अफजल इमाम ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में सही मार्ग पर चलने की सीख दी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे भविष्य में ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे उनके माता-पिता के सम्मान को ठेस पहुंचे, बल्कि हमेशा समाज और देश के हित को सर्वोपरि रखकर कार्य करें।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8 के सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 1 से 8 तक के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस वर्ष ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का प्रतिष्ठित खिताब नसरीन खातून के नाम रहा, जिन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनमें सरफुद्दीन नूरी, सूर्य कान्त गुप्ता, अमित कुमार, रेशमा खातून, विद्या झा, प्रणया कुमारी, कनिज तैयब्बा, सुनीता कुमारी, रोकैया मुशर्रत और सबा हाशमी का प्रयास सराहनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस. इब्तेशाम हुसैन काशिफ ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।




