कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन गंगा पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, 5,571 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/ ब्यूरो पटना। बिहार में सड़क और पुल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो गई है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन गंगा पुल, जिसे ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है, बनकर तैयार हो गया है। आगामी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने के साथ राजधानी पटना पर यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।

गंगा नदी पर बने इस पुल को बिहार की आधारभूत संरचना के विकास की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल किया गया है। इसके माध्यम से पटना और वैशाली जिले के बिदुपुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे उत्तर बिहार के लोगों को राजधानी पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की संभावना है।

2012 में रखी गई थी परियोजना की नींव

कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल परियोजना की परिकल्पना वर्ष 2012 में की गई थी। उसी वर्ष सितंबर में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (IDA) ने परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बाद फरवरी 2013 में ट्रांजैक्शन एडवाइजर की नियुक्ति की गई और कार्यकारी एजेंसी बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) को फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।

जून 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष पुल के एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण किया गया। अगस्त 2014 में केंद्र सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से ऋण सहायता की सिफारिश की। दिसंबर 2014 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया। इसके बाद मार्च 2015 में निर्माण कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।

जुलाई 2015 में राज्य सरकार की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय निविदा आमंत्रित की गई और निर्माण एजेंसी के साथ अनुबंध कर परियोजना का काम शुरू किया गया।

5,571 करोड़ रुपये से अधिक की लागत

इस 6-लेन पुल का निर्माण EPC (इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण) पद्धति के तहत किया गया है। परियोजना की कुल लागत 5,571.69 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें एशियाई विकास बैंक (ADB) की ओर से 3,472.15 करोड़ रुपये की ऋण सहायता दी गई, जबकि बिहार सरकार ने 2,099.54 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

उत्तर बिहार के किसानों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

नीतीश सेतु के चालू होने से उत्तर बिहार के कृषि उत्पादों को पटना सहित अन्य बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। विशेष रूप से लीची, केला, मक्का और सब्जियों जैसे उत्पादों की ढुलाई में समय की बचत हो सकेगी। इससे किसानों और व्यापारियों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा कच्ची दरगाह-बिदुपुर कॉरिडोर के आसपास औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स हब, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

आवागमन में समय और ईंधन की होगी बचत

पुल के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से राजधानी आने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने से यात्रा का समय और ईंधन दोनों बचाने में मदद मिलेगी।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल का उद्घाटन बिहार की सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। इसके शुरू होने से परिवहन, कृषि, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।