गन्ना विकास रथ-2026’ को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

24CITYLIVE/(आदर्श सिंह ब्यूरो)पटना। बिहार में गन्ना उद्योग को नई मजबूती देने और गन्ना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से गन्ना उद्योग विभाग की ओर से आयोजित ‘गन्ना विकास रथ-2026’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में वर्तमान में 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं, जबकि पांच और चीनी मिलों को जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता बिहार में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। नई चीनी मिलों की स्थापना के साथ-साथ बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों का पुनरुद्धार भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया गन्ना विकास रथ अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि गन्ना विकास रथ-2026 के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और सरकार की योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे बिहार में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी

गन्ना विकास रथ के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में किसानों को उन्नत गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, जैविक खाद के इस्तेमाल और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलने वाले अनुदान के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। वहीं, नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता के बारे में बताया जाएगा।

डिजिटल सेवाओं से जुड़ेंगे गन्ना किसान

गन्ना किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की पहल की गई है। इसके माध्यम से किसानों को विभिन्न डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि किसानों को योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से मिल सके और कृषि के प्रति जागरूकता बढ़े।

कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह तथा गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार की इस पहल को बिहार में गन्ना उत्पादन बढ़ाने, चीनी उद्योग को मजबूत करने और किसानों को आधुनिक कृषि व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।