
24CITYLIVE/पटना: राजधानी में संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ “सुरीले परिवार” के चौथे वार्षिकोत्सव का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए बिहार सरकार के कला संस्कृति सचिव श्री प्रणव कुमार (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह की विधिवत शुरुआत की। उनके साथ विशिष्ट अतिथि अवनीश कुमार और इंदु प्रसाद ने भी अपनी उपस्थिति से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

सांस्कृतिक सफर की शुरुआत डॉ. नन्दन सिन्हा की गणेश वंदना और आशी कंठ के मनमोहक स्वागत नृत्य से हुई। इसके बाद मंच पर नीलम रानी ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की सुरीली प्रस्तुति दी, तो वहीं प्रमोद कुमार सिन्हा ने ‘मेरा जूता है जापानी’ गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस अवसर पर आलोक रंजन, सोनी प्रिया और दयानंद सहित कई दिग्गज कलाकारों ने अपनी गायकी से दर्शकों को बांधे रखा। मुख्य संरक्षक रंजन श्रीवास्तव और संचालक प्रमोद सिन्हा के नेतृत्व में सभी प्रतिभागी कलाकारों को ‘सुरमयी प्रतिभा सम्मान’ से नवाजा गया।

मुख्य अतिथि प्रणव कुमार ने अपने संबोधन में संगीत को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बताया और कलाकारों के लिए सरकारी पेंशन योजना व ऑनलाइन पंजीकरण जैसी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि अवनीश कुमार ने म्यूजिक थेरेपी के फायदों पर चर्चा करते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. नन्दन सिन्हा और अशोक कुमार ने किया, जबकि रंजन कुमार श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस यादगार शाम का समापन हुआ।


