न्यूज़

मुसल्लहपुर हाट मर्डर केस का खुलासा: जेल में बंद अपराधियों के इशारे पर हुई थी हत्या; मुख्य शूटर हथियार के साथ निरुद्ध

24CityLive/आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसल्लहपुर हाट में बीते 14 मई को हुए पिंटू कुमार हत्याकांड का पटना पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल मुख्य शूटर (एक विधि-विरुद्ध बालक) को हथियार के साथ निरुद्ध किया है। पुलिस तफ्तीश में इस हत्याकांड के तार जेल में बंद कुख्यात अपराधियों से जुड़े पाए गए हैं।

​जेल में बंद अपराधियों का कनेक्शन और हत्या की वजह

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड की साजिश जेल में बंद अपराधियों द्वारा रची गई थी। दरअसल, इसी साल फरवरी महीने में मुसल्लहपुर हाट में ही सोनू नामक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसमें विकास उर्फ विका और संजय गोप नामक अपराधी फिलहाल जेल में बंद हैं।

मृतक पिंटू कुमार इन दोनों को पहले से जानता था और इनके जेल जाने के बाद वह अवैध शराब के धंधे की देखरेख करने लगा था। शराब के धंधे से होने वाली कमाई का हिस्सा पिंटू केवल संजय गोप को जेल में पहुंचा रहा था, जबकि विकास उर्फ विका को उसका हिस्सा नहीं दे रहा था। इसी बात से नाराज होकर जेल में बंद विकास ने अपने गुर्गे (नाबालिग शूटर) के जरिए पिंटू कुमार की हत्या की पूरी स्क्रिप्ट तैयार करवाई थी।

​ब्लैक आउट का फायदा उठाकर मारी थी गोली

योजना के मुताबिक, 14 मई 2026 की रात करीब 7:00 से 7:15 बजे के बीच जब मुसल्लहपुर हाट इलाके में ब्लैक आउट (अंधेरा) हुआ, तो इसी का फायदा उठाकर नाबालिग शूटर ने पिंटू कुमार की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी थी।

विशेष टीम ने की छापेमारी, हथियार बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ईस्ट के निर्देशन में सुल्तानगंज थानाध्यक्ष, डीआईयू (DIU) की टीम और एएसआई विकास कुमार को मिलाकर एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने सतत तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर को घेराबंदी कर निरुद्ध कर लिया।

बरामद किए गए हथियार:

  • ​01 अवैध पिस्टल
  • ​01 मैगजीन
  • ​02 जिंदा कारतूस

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने बताया कि हथियार की बरामदगी के बाद मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और जेल में बंद अपराधियों के खिलाफ भी इस साजिश के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button