पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी: दीदारगंज, बख्तियारपुर और फतुहा मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:पटना पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए गंभीर मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या और दहेज हत्या जैसे संगीन मामलों में फरार चल रहे कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया।

1. दीदारगंज हत्याकांड: मुख्य आरोपी मक्कू और गौरव गिरफ्तार
दीदारगंज थाना क्षेत्र के कोठिया गाँव में बीती 7 मई 2026 की रात को हर्ष कुमार नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपियों— मक्कू यादव और गौरव कुमार को धर दबोचा है।

हत्या का कारण:पुलिस अनुसंधान के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ आगे की पूछताछ कर रही है।
2. बख्तियारपुर हत्याकांड: फरार सूरज कुमार दबोचा गया।
साल 2024 में बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर में दीपक कुमार नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का मुख्य आरोपी सूरज कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सूरज कुमार को नदी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

3. फतुहा दहेज हत्याकांड: फरार आरोपी गिरफ्तार
फतुहा थाना में साल 2018 (कांड संख्या- 207/18) में दर्ज एक दहेज हत्या के मामले में भी पुलिस को कामयाबी मिली है। पीतांबरपुर गाँव में हुई इस घटना के बाद से ही एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
कुल गिरफ्तारियों का विवरण:
दीदारगंज थाना:02 आरोपी (मक्कू यादव और गौरव कुमार)
बख्तियारपुर थाना:01 आरोपी (सूरज कुमार)
फतुहा थाना:01 आरोपी


