पटना ग्रामीण पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:पटना ग्रामीण पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पहली बड़ी कार्रवाई दनियावां थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में हुई, जहां पुलिस ने चर्चित हत्याकांड के मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करण पासवान उर्फ राम करण कुमार और देवेंद्र पासवान के रूप में हुई है।

इन दोनों के खिलाफ दनियावां थाना कांड संख्या 154/23 में हत्या सहित कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था। यह दोनों लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे और इन पर मामले के गवाहों को डराने-धमकाने का भी गंभीर आरोप है। पुलिस प्रशासन द्वारा इनके खिलाफ पूर्व में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी अमल में लाई जा चुकी थी, जिसके बाद लगातार की जा रही छापेमारी और तकनीकी निगरानी की मदद से अंततः इन्हें दबोच लिया गया।

दूसरी ओर पंडारक थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एक बदमाश समेत कुल चार अपराधियों को धर-दबोचा है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से चार देशी कट्टा, दस जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पुलिस को सरहन डैम के पास कुछ अपराधियों द्वारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर एसडीपीओ बाढ़-1 के नेतृत्व में पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार की टीम ने त्वरित छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सुनील कुमार उर्फ जेलर, तीरथ कुमार, संदीप कुमार उर्फ हनी और रंजन कुमार उर्फ कारू को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सुनील कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पंडारक, सालिमपुर तथा खुशरूपुर समेत विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पटना ग्रामीण पुलिस की इस दोहरी कामयाबी को इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और पुलिस अधीक्षक ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पंडारक व दनियावां थानाध्यक्ष समेत पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

