न्यूज़

चौक थाना क्षेत्र के मिरचाई घाट पर गंगा में बहकर आया अज्ञात शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:सोमवार को चौक थाना क्षेत्र के मिरचाई घाट से पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। स्थानीय नागरिकों द्वारा घाट पर शव देखे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि करीब 45 से 48 वर्ष के एक अज्ञात व्यक्ति का शव वहां पड़ा हुआ था।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद शव के मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि किसी डूबे हुए व्यक्ति का शव गंगा नदी में बहकर यहाँ आया और किनारे लग गया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस इलाके में शव मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिस ने बीते सप्ताह भी अलग-अलग घाटों से तीन अज्ञात शव बरामद किए थे। इनमें से 14 मई को आलमगंज थाना क्षेत्र के भद्र घाट से दो शव मिले थे, जिनमें एक महिला का शव भी शामिल था। इसके अलावा 15 मई को भी चौक थाना क्षेत्र के इसी मिरचाई घाट से गंगा में बहकर आए एक 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। पुलिस इन सभी मामलों में लगातार जांच-पड़ताल कर रही है और शवों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button