24CITYLIVE/पटना सिटी: जेपी गंगा पथ पर सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन सेवाओं का खोखलापन एक बार फिर उजागर हुआ है। सीसीटीवी कैमरे और स्पीडोमीटर न होने के कारण बेलगाम रफ्तार वाहन हादसों को अंजाम देकर आसानी से भाग निकल रहे हैं। मंगलवार की रात आलमगंज थाना क्षेत्र के महावीर घाट के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया और फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद पीड़ित युवक गंभीर हालत में सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया, लेकिन आपातकालीन सेवा 'डायल 112' मौके पर नहीं पहुंची। इसके बजाय सूचना मिलने पर आलमगंज थाने की पुलिस गश्ती टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सरकारी दावों के विपरीत एंबुलेंस का कोई अता-पता नहीं था।
आधे घंटे तक चलता रहा इंतजार, आक्रोशित हुई जनता
हादसे के बाद आलमगंज थाने की पुलिस और राहगीर करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। इस दौरान अत्यधिक खून बह जाने के कारण घायल युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आखिरकार, एंबुलेंस न आने पर आलमगंज पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अपनी गश्ती जीप की बीच वाली सीट पर किसी तरह लादा और पीएमसीएच अस्पताल के लिए रवाना हुए। हैरान करने वाली बात यह रही कि एंबुलेंस तब पहुंची, जब पुलिस जीप मरीज को लेकर जा चुकी थी।


काम से लौट रहा था युवक
घायल की पहचान आलमगंज के बजरंगपुरी कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय संदीप ओझा के रूप में हुई है। संदीप फतुहा स्थित एक आयरन फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी रात 9:10 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके एक हाथ और पैर की हड्डी बाहर आ गई थी।
स्थिति गंभीर, मेदांता में भर्ती
पीएमसीएच ले जाने के बाद परिजनों ने संदीप की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
जेपी गंगा पथ पर स्थायी एंबुलेंस की मांग
इस पूरी घटना से नाराज नागरिकों और पुलिसकर्मियों ने जेपी गंगा पथ पर गायघाट पुलिस पोस्ट के पास स्थायी रूप से एंबुलेंस तैनात करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तुरंत एनएमसीएच या पीएमसीएच पहुंचाया जा सके और किसी की जान जोखिम में न पड़े।