वट सावित्री पूजा आज: पटना सिटी के चौक शिकारपुर में सुहागिनों ने की अखंड सौभाग्य की कामना, उमड़ी भारी भीड़

24CityLive/आदर्श सिंह/पटना सिटी: ज्येष्ठ मास की अमावस्या तिथि के पावन अवसर पर आज पटना सिटी के चौक शिकारपुर आरओबी और गौरी शंकर मंदिर चौक क्षेत्र में वट सावित्री पूजा की भव्य धूम देखी गई। सुबह से ही पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में सजी सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ बरगद के पेड़ों के नीचे जुटी। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधा और अपने पति की लंबी उम्र व अखंड सौभाग्य की कामना की।

सनातन काल से चली आ रही है महत्ता: इस पावन मौके पर गौरी शंकर मंदिर चौक के पुरोहित पंडित हीरा नंद झा ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह व्रत सनातन काल से ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन माता सावित्री और वट वृक्ष के पूजन से सुहागिनों को अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है और उनके पति व पुत्र को दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है।

पूजा करने पहुंचीं स्थानीय व्रती महिला पूजा पटेल ने अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सुहागिनें अपने पति की लंबी आयु और खुशहाल जीवन के लिए यह कठिन उपवास रखती हैं। इस पावन पूजा को संपन्न करने से मन को असीम शांति और आत्मिक संतुष्टि मिलती है।

विधि-विधान से हुई पूजा और कथा का श्रवण
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन माता सावित्री ने अपने सतीत्व के बल पर यमराज से पति सत्यवान के प्राण वापस पाए थे। इसी परंपरा को निभाते हुए व्रती महिलाओं ने वट वृक्ष को जल, अक्षत, रोली और मौसमी फल अर्पित किए। इसके बाद पेड़ के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। दोपहर तक पूरे क्षेत्र के पूजा स्थलों पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
