डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने दिए सख्त निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए QRT रहेगी सक्रिय; घाटों पर ट्रिपल बैरिकेडिंग की व्यवस्था

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना, 12 नवंबर। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में दीघा घाट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने अधिकारियों को पूरी सजगता, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल लें। घाट पर जब तक एक भी श्रद्धालु या व्यक्ति मौजूद रहेगा, तब तक संबंधित पदाधिकारी को अपनी ड्यूटी पर तैनात रहना होगा। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीएम ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से निर्धारित रूट प्लान एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

वहीं, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को पूरे छठ महापर्व के दौरान सक्रिय रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ब्रीफिंग के दौरान एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने डूबने की घटनाओं की रोकथाम एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त यशपाल मीना ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित घाटों पर ट्रिपल बैरिकेडिंग की गई है। जरूरत के अनुसार क्रॉस बैरिकेडिंग भी की गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को खतरनाक चिह्नित क्षेत्रों और बैरिकेडिंग के आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाए।

इसके अलावा आपदा प्रबंधन विभाग के एडवाइजर जीवन कुमार ने भी छठ महापर्व के सुरक्षित आयोजन को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहकर छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।