डीएम आनंद शर्मा ने की उच्चस्तरीय बैठक, स्पीडी ट्रायल के लिए न्यायपालिका को भेजी अनुशंसा; लापरवाही के आरोप में चौकीदार निलंबित

मधुबनी, 4 नवंबर 2026।

मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत बलिराजगढ़ में हुई संवेदनशील घटना को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना के आरोपी एएसआई की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय में वरीय पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने गठित पांच विशेष पुलिस टीमों को निर्धारित वर्क प्लान के तहत मिशन मोड में छापेमारी अभियान चलाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उपलब्ध सूचनाओं एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा छापेमारी अभियान की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

स्पीडी ट्रायल के लिए भेजी गई अनुशंसा

पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मामले में स्पीडी ट्रायल कराने की दिशा में भी पहल की है। जिलाधिकारी ने बताया कि त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव एवं अनुशंसा न्यायपालिका को भेज दी गई है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

चौकीदार निलंबित, विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

प्रशासन ने घटना के दौरान कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के मामले को भी गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित चौकीदार को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है। वहीं, आरोपी एएसआई के खिलाफ बाबूबरही थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

जिले के सभी थानों को अलर्ट रहने का निर्देश

बैठक में जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थानों को अलर्ट और सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संवेदनशील गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा साइबर सेल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। भ्रामक, आपत्तिजनक सूचनाएं एवं अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिलेवासियों से शांति, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास नहीं करने तथा बिना सत्यापन के संवेदनशील सामग्री सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में कार्रवाई के साथ-साथ जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी तत्परता और आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।