24 CITY LIVE/ बिहार ब्यूरो रिपोटर आदर्श सिंह| मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में ड्यूटी पर तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ने अपनी सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार की देर रात की है। बलिराजगढ़ गांव में तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह का गांव के एक घर में आना-जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इसी दौरान एक महिला से उसके कथित संबंध होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात भी ASI उसी घर पहुंचा था। इसकी भनक लगने पर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे घेर लिया।

खुद को ग्रामीणों से घिरा देख ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि उसने तीन से छह राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने से अशोक यादव, धनिक लाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है।

एसएसपी योगेंद्र कुमार ने दी आधिकारिक जानकारी

घटना को लेकर मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि बलिराजगढ़ गांव में तैनात ASI अक्सर एक घर में सामान लेने के बहाने जाता था। इसी दौरान वहां एक महिला से उसके कथित संबंध की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर घर में बंद कर दिया था। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी।

एसएसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।

आरोपी ASI निलंबित, गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ASI घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। जिस पुलिसकर्मी पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी थी, उसी पर ग्रामीणों पर गोली चलाने का गंभीर आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और फरार आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी है।