24CITYLIVE/बिहार/मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में ASI द्वारा सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर गोलीबारी करने के मामले में एसपी योगेंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि आरोपी ASI के खिलाफ केवल निलंबन ही नहीं, बल्कि उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही उसे कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।
मधुबनी पुलिस के आधिकारिक वीडियो बयान में एसपी योगेंद्र कुमार ने इस घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
गौरतलब है कि बलिराजगढ़ गांव में तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह पर आरोप है कि उसने अपनी सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में अशोक यादव, धनिक लाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव गोली लगने से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।
आखिर क्यों हुई थी गोलीबारी?
जानकारी के अनुसार, ASI चंद्रमोहन सिंह का गांव के एक घर में आना-जाना था। इसी दौरान एक महिला से उसके कथित संबंधों की चर्चा सामने आई। सोमवार की देर रात जब ASI उस घर पहुंचा तो इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देखकर ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
निलंबन के बाद अब सेवा से बर्खास्तगी की तैयारी
घटना के बाद आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। वहीं उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसपी योगेंद्र कुमार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सेवा से बर्खास्त करने की बात कही है। दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाने की भी बात कही गई है।
इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। जिस पुलिसकर्मी के कंधों पर जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर ग्रामीणों की जान लेने और तीन लोगों को घायल करने का आरोप है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरोपी ASI कब गिरफ्तार होगा और उसे कब तक उसके किए की सजा मिलेगी। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।



