न्यूज़

कंगन घाट पर गंगा स्नान के दौरान बच्ची के गले से सोने का ढोलना चोरी, चौक थाना पुलिस ने 3 शातिरों को दबोचा

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: पटना सिटी के कंगन घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक मासूम बच्ची के गले से सोने का ढोलना (लॉकेट) उड़ाने वाले तीन शातिर चोरों को चौक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ तीनों आरोपियों को दबोचा, बल्कि उनके पास से चोरी किया गया सोने का ढोलना भी सकुशल बरामद कर लिया है।
भीड़ का फायदा उठाकर काटा था लॉकेट
मिली जानकारी के अनुसार, कंगन घाट पर गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर तीनों आरोपियों ने एक बच्ची को निशाना बनाया और उसके गले से सोने का ढोलना काटकर फरार होने की कोशिश की। बच्ची के परिजनों को जैसे ही इस बात की भनक लगी, उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
एक्शन में आई चौक थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और कंगन घाट के पास से ही तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने जब उनकी जामा तलाशी ली, तो उनके पास से बच्ची के गले से काटा गया सोने का ढोलना बरामद हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दो का है आपराधिक इतिहास
चौक थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार, नीतीश कुमार और मोहित कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें से आरोपी नीतीश कुमार पूर्व में भी दो बार और प्रेम कुमार एक बार जेल जा चुका है।
थानाध्यक्ष का बयान: “गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घाटों पर सुरक्षा और चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित महसूस कर सकें।”
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने काफी सराहना की है।

Related Articles

Back to top button