24CITYLIVE/पटना सिटी:डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, पूजा पंडालों में सुरक्षा जांच और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

छठ पूजा, काली पूजा एवं लक्ष्मी पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बाईपास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाईपास थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने पूजा समितियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूजा एवं त्योहारों के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस शांति समिति की बैठक में बाईपास थाना प्रभारी रंजीत कुमार, समाजसेवी प्रफुल्ल कुमार पांडेय एवं वार्ड संख्या 62 के प्रतिनिधि रोशन कुमार मेहता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में सभी लोगों ने छठ पूजा, काली पूजा एवं लक्ष्मी पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग देने की बात कही।