24CITYLIVE/बिहार:मुजफ्फरपुर. लूट और बड़े अपराधों के लिए कुख्‍यात सुनील महतो को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद अरेस्‍ट किया है. सुनील महतो के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे SKMCH में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

सुनील महतो के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज है. बीते सप्ताह भी काँटी थाना क्षेत्र में में शनि मंदिर के निकट एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर उससे करीब 8 लाख रूपये लूट लिए थे. इस मामले में मुजफ्फरपुर पश्चिमी DSP अभिषेक आनंद के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया था.

मामले को लेकर एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि बीते 28 अक्टूबर को काँटी थाना क्षेत्र में गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. इसी को लेकर आरोपियों के खिलाफ छापेमारी चल रही थी. इस मामले में दिल्ली से मुख्य आरोपी सुनील महतो सहित अन्य अपराधी को गिरफ्तार कर मुजफ्फरपुर लाया गया था. दिल्ली से लाकर उसे तुर्की थाना के हाजत में रखा गया था, जहाँ से बदमाश फरार हो गये थे. पुलिस ने पड़ताल की तो इनके काँटी इलाके में छिपे होने की बात सामने आई.

पुलिस से घिरता देख चलाई गोलियां, 2 बदमाश हुए फरार
राकेश कुमार ने बताया कि ऐसे में पुलिस की टीम ने जब इलाके में छापेमारी की, तो पुलिस से घिरता देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान 2 बदमाश भागने में सफल रहे. वहीं सुनील के पैर में गोली लग गई. फिलहाल उसे पुलिस अभिरक्षा में SKMCH में भर्ती कराया गया है. ये सभी अपराधी कई बड़ी वारदातें कर चुके हैं. पुलिस फरार दोनों अपराधियों की तलाश कर रही है और जल्‍द ही उन्‍हें भी अरेस्‍ट किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि सुनील महतो ने पूछताछ में कई बड़े राज खोले हैं, उनके बारे में अलग से जानकारी दी जाएगी. उन्‍होंने कहा कि दरभंगा से एक अन्‍य अपराधी को अरेस्‍ट किया गया है, वह भी लूट, डकैती की वारदातों में शामिल रहा है.