24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:
लक्ष्मी पूजा और काली पूजा एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बाईपास थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व बाईपास थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने किया। इस फ्लैग मार्च में शहीद जगदेव पार्क ओटी प्रभारी विवेक कुमार तथा बीएमपी के जवान भी शामिल हुए। पुलिस बल की मौजूदगी में विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम सीधी बाजार, कदमतल, जल्ला, वाले हनुमान मंदिर, दादाबाड़ी और चैनपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इन इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे लक्ष्मी पूजा एवं छठ पूजा को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

त्योहारों के मद्देनजर बाईपास थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ और आवागमन को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना, आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की ओर से क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वहीं, आम लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पूजा समितियों से भी प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पूजा पंडालों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा की गई है।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि लक्ष्मी पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सभी लोग निर्भय होकर श्रद्धा और भक्ति के साथ मना सकें। इसी को ध्यान में रखते हुए बाईपास थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से त्योहारों के दौरान आपसी सद्भाव बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।