24CITYLIVE/Bihar: जहानाबाद में स्मैक तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम का एक जवान अचानक लापता हो गया। तस्करों के साथ हुई झड़प के दौरान जवान के गायब होने और अपहरण की आशंका ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। लापता जवान की पहचान टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात जहानाबाद शहर के एसएस कॉलेज के समीप यह घटना हुई। गया जिले के बेलागंज से स्मैक की खेप लेकर पहुंचे एक सप्लायर को पकड़ने के लिए टाइगर मोबाइल के तीन जवान मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम को देखते ही सप्लायर और उसके सहयोगियों में अफरातफरी मच गई। जवानों ने जब सप्लायर को पकड़ने की कोशिश की तो गिरोह के सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी।
इसी दौरान दो जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य सप्लायर को पकड़ लिया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। लेकिन इस पूरी अफरातफरी के बीच टाइगर मोबाइल का जवान धनेश्वर अचानक लापता हो गया। साथी जवानों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटनास्थल के पास उसकी बाइक लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
तस्कर गिरफ्तार, संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस जवान के लापता होने के बाद महकमे में खलबली मच गई है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। गिरफ्तार स्मैक सप्लायर से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले में कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अपहरण समेत सभी बिंदुओं पर जांच
इस मामले में एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि स्मैक सप्लायर को पकड़ने के दौरान हुई झड़प के बीच टाइगर मोबाइल का जवान धनेश्वर लापता हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और अपहरण समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। एसपी ने जवान की जल्द बरामदगी की उम्मीद जताई है।
फिलहाल, पुलिस जवान के लापता होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और मामले की जांच जारी है।



