मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से वाटर मेट्रो को दिखाई हरी झंडी, गंगा में पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन की शुरुआत; छठ महापर्व को लेकर 103 घाटों का निरीक्षण, 13 घाटों को किया जा रहा चिह्नित

24CITYLIVE/Aadarsh Singh/पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को गंगा नदी के माध्यम से पर्यटन और जल परिवहन को नई पहचान देने के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक ओर दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वहीं दूसरी ओर छठ महापर्व-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का दूसरी बार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गंगा में शुरू हुई आधुनिक वाटर मेट्रो सेवा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ किया। इस नई सुविधा से पटना आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गंगा नदी में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी। पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने तथा आधुनिक और सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वाटर मेट्रो के शुरू होने से पटनावासियों को अशोक राजपथ पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। गंगा के रास्ते सफर करने का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।

50 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस जलयान

कैटामरान वेसल 50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक जलयान है। यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके संचालन से जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण नहीं होगा। इसमें उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसका परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से गांधी घाट तक होगा। गांधी घाट से यह वापस दीघा के लिए रवाना होगा और शाम को मीनार घाट पहुंचेगा। जलयान की बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है। भविष्य में इसका परिचालन कंगन घाट तक विस्तारित किया जाएगा।

वयस्कों के लिए 50 रुपये किराया, बच्चों को मिलेगी छूट

वाटर मेट्रो में प्रति वयस्क यात्रा किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए किराया निर्धारित दर का आधा होगा। फिलहाल पर्यटक दीघा घाट स्थित काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

छठ घाटों का दूसरी बार निरीक्षण, 90 घाट पूरी तरह सुरक्षित

वाटर मेट्रो के शुभारंभ के साथ ही मुख्यमंत्री ने लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का दूसरी बार निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्टीमर से नासरीगंज घाट से कलेक्ट्रेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट और गायघाट से भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक का निरीक्षण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफाई, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए सभी घाटों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। कुल 103 घाटों में से 90 घाट पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि 13 घाटों को चिह्नित किया जा रहा है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं हो।

मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रहने वाले लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि बिहार आइए और छठ मनाइए। यह अपना महापर्व है। इसमें उदय और अस्त होते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।

छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व को देखते हुए गंगा घाटों पर सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने घाटों के पास मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और गंगा किनारे की सड़कों पर भी बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू बना रहे।

मुख्यमंत्री ने छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने को कहा। उन्होंने माइकिंग के माध्यम से छठ घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सूचनाओं की लगातार एवं त्वरित जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण और कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

दोनों कार्यक्रमों के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह विधायक मंगल पाण्डेय, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, विधायक संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी उपस्थित रहे।

वहीं प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष कुमार पराशर, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इस तरह पटना में एक ओर गंगा के रास्ते आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन की शुरुआत हुई, वहीं दूसरी ओर छठ महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को भी गति दी गई।