435 कार्टन में 3830.760 लीटर विदेशी शराब बरामद, पुलिस ने स्टोरेज पॉइंट को किया सील
24CITYLIVE/पटना/फतुहा। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार जारी है। इसी बीच पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के मुसाफापुर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब के एक बड़े स्टोरेज पॉइंट का खुलासा किया है। बुधवार की रात करीब 2 बजे की गई छापेमारी में पुलिस ने 435 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 3830.760 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद पहले संबंधित स्टोरेज पॉइंट की रेकी कराई गई। शराब रखे जाने की पुष्टि होने के बाद निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के बालोतरा जिले के सिंधरी थाना क्षेत्र निवासी देवाराम, विशनाराम, दमाराम और दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब पर बिक्री के लिए चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का उल्लेख है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने शराब के स्टोरेज पॉइंट को सील कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व निरीक्षक अजीत कुमार ने किया। टीम में एसआई सोनम कुमारी, एएसआई अजीत कुमार, डब्लू कुमार और विनिता कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।



