मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से हरी झंडी दिखाकर कैटामरान वेसल को किया रवाना, ट्रैफिक जाम से राहत और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
24CITYLIVE/पटना। बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी के रास्ते जल परिवहन और पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 10 नवंबर को पटना के दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर आधुनिक जलयान को रवाना किया। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों और पटना आने वाले पर्यटकों को गंगा नदी में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही अशोक राजपथ पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत के लिए जल परिवहन का एक सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वाटर मेट्रो के शुभारंभ से गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन तथा जल परिवहन को नई पहचान मिलेगी। पर्यटन विभाग की यह पहल पर्यटकों को आधुनिक और सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
50 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस है वाटर मेट्रो
वाटर मेट्रो 50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक कैटामरान वेसल है। यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके संचालन से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं होगा। जलयान में उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
50 रुपये होगा टिकट, बच्चों को मिलेगी छूट
वाटर मेट्रो में प्रति वयस्क यात्रा किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित किराये का आधा भुगतान करना होगा। फिलहाल यात्री दीघा घाट पर बने काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकेंगे। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
दीघा से गांधी घाट तक होगा परिचालन
वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से शुरू होकर गांधी घाट तक होगा। इसके बाद जलयान गांधी घाट से वापस दीघा के लिए रवाना होगा और शाम को मीनार घाट पहुंचेगा। जलयान की बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर तथा शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है। भविष्य में इसके परिचालन का विस्तार कंगन घाट तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, विधायक संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



