न्यूज़
पटना में हथियार तस्करी का भंडाफोड़: खाजेकलां पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को पिस्टल और कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

24सिटीलाइव/आदर्श सिंह/पटना : राजधानी में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खाजेकलां थाना क्षेत्र के सेल टैक्स ऑफिस के समीप से पुलिस ने दो हथियार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए अपराधियों की पहचान बहादुरपुर निवासी मोहम्मद वसीम और सुल्तानगंज निवासी मोहम्मद मिजान के रूप में हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, परिचय कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेल टैक्स के सामने वाली गली में हथियारों की बड़ी डील होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया।



