न्यूज़

शिवहर में रिश्वतखोर बड़ा बाबू गिरफ्तार: खाद-बीज लाइसेंस के नाम पर मांग रहा था घूस


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने शिवहर जिला कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 
जानकारी के अनुसार, बिजेन्द्र कुमार ने खाद एवं बीज की दुकान का लाइसेंस बनवाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर सिंगाही निवासी श्रीमती मनीषा देवी ने निगरानी ब्यूरो, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

 
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके पश्चात पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने शिवहर स्थित कार्यालय कक्ष में दबिश दी और आरोपी को घूस की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।

 
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बिजेन्द्र कुमार से पूछताछ की जा रही है और उन्हें मुजफ्फरपुर स्थित विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

Related Articles

Back to top button