राजधानी में बड़ी साजिश नाकाम: प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के लिए 8 लाख की सुपारी लेने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार

24CITYLIVE/पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त छापेमारी के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने के लिए आठ लाख रुपये की सुपारी ली थी और वारदात को अंजाम देने की नियत से घात लगाकर बैठे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वैशाली का पंकज कुमार यादव, फतुहा का करण कुमार और रोहित कुमार उर्फ बहादुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देशी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एसटीएफ को इस खूनी साजिश की गुप्त सूचना समय रहते मिल गई थी, जिसके कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों को वारदात से पहले ही दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाशों में पंकज कुमार यादव एक कुख्यात अपराधी है, जिस पर आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं, जबकि करण कुमार पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तीन गंभीर केस चल रहे हैं। यदि एसटीएफ की टीम समय पर सक्रिय नहीं होती, तो शहर में एक बड़ी हत्या की घटना घट सकती थी। फिलहाल पुलिस इन अपराधियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस सुपारी कांड के पीछे के मुख्य मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।



