बिहार: सम्राट चौधरी सरकार का आज मंत्रिमंडल विस्तार, गांधी मैदान में शपथ ग्रहण; ट्रैफिक में भारी बदलाव

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार की सियासत के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। आज यानी गुरुवार, 7 मई को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया है। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में कई वीवीआईपी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने ट्रैफिक रूट में व्यापक बदलाव किए हैं और गांधी मैदान में प्रवेश के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
आम जनता और मीडिया के लिए एंट्री गेट
प्रशासन के अनुसार, गांधी मैदान में आने वाले लोगों के लिए प्रवेश द्वार निर्धारित कर दिए गए हैं:
* आम जनता: गेट नंबर 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से प्रवेश कर सकेगी।
* मीडिया कर्मी: मीडिया के लिए गेट नंबर 11 से एंट्री तय की गई है।
इन रास्तों पर रहेगा नो-एंट्री जोन
वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर राजभवन और गांधी मैदान के आसपास की सड़कों को प्रतिबंधित किया गया है:
1. एयरपोर्ट गोलंबर से पटेल गोलंबर तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
2. राजेन्द्र चौक से पटेल गोलंबर और चितकोहरा गोलंबर से उत्तर की ओर गाड़ियां नहीं चलेंगी।
3. डुमरा टी.ओ.पी. (शेखपुरा मोड़) से पटना एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़कों पर भी पाबंदी रहेगी।
डाकबंगला और गांधी मैदान क्षेत्र नो-व्हीकल जोन
शपथ ग्रहण के दौरान आयकर गोलंबर, डाकबंगला, जेपी गोलंबर, कारगिल चौक और चिल्ड्रेन पार्क तक का पूरा इलाका नो-व्हीकल जोन रहेगा।
* पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर गाड़ियां नहीं जा सकेंगी।
* भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर आवाजाही बंद रहेगी।
* विशेष नोट: जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क का मार्ग केवल इमरजेंसी (अस्पताल) सेवाओं के लिए खुला रखा गया है।
पार्किंग की व्यवस्था
* गांधी मैदान के अंदर गेट नंबर 4 के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
* मुख्य पार्किंग फुल होने पर ज्ञान भवन, एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और मगध महिला कॉलेज के परिसरों को वैकल्पिक पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
हवाई यात्रियों के लिए विशेष सलाह
पटना जिला प्रशासन ने हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे जाम और डायवर्जन से बचने के लिए जगदेव पथ वाले मार्ग का उपयोग करें। वहीं, गांधी मैदान क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी अपने वाहन जेपी गंगा पथ या अशोक राजपथ के नीचे बने पार्किंग जोन में पार्क कर सकते हैं।


