पटना में ‘झलक’ कार्यक्रम का आयोजन: छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन और डिजिटल सुरक्षा का पाठ

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: गांधी मैदान स्थित पुलिस मुख्यालय में शनिवार को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के ‘सेकंड चांस प्रोग्राम’ के तहत 10वीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए ‘झलक’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और सहयोग से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मैट्रिक के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक, व्यावसायिक और कौशल विकास के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय क्षेत्र) जितेंद्र राणा, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिक के. शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) सुश्री दीक्षा, सुश्री दिव्यांजलि, डॉ. अनु कुमारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) सैफुर रहमान सहित प्रथम संस्था के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास के महत्व और जीवन में सकारात्मक दिशा चुनने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि छात्राएं सही समय पर सही करियर का चुनाव कर सकें।

वर्तमान दौर की चुनौतियों को देखते हुए कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन सुरक्षा के पैंतरे सिखाए। उन्हें तकनीक का जिम्मेदारीपूर्ण और सकारात्मक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया ताकि वे डिजिटल युग में सुरक्षित रहकर प्रगति कर सकें। यह पहल छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी साबित हुई।


इस आयोजन की सफलता में राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय, दिनेश कुमार, विकास कुमार, स्नेहा रानी, शिल्पा कुमारी, नंदीश्वरी कुमारी, श्वेता कुमारी, रुचि गुप्ता, सोनी कुमारी, सूरज कुमार, पवन कुमार मिश्रा, खुशबू कुमारी, नेहाल आलम, राहुल कुमार, अमन कुमार, अंतिम कुमार, वर्षा रानी और सुधांशु कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘झलक’ कार्यक्रम छात्राओं को सही दिशा और प्रेरणा प्रदान करने की दिशा में एक मिल का पत्थर साबित हुआ है।




