पटना में ‘मॉक ड्रिल’ के दौरान मर्डर: ब्लैकआउट होते ही मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हवाई हमले से बचाव के लिए आयोजित ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ के दौरान अपराधियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मुसल्लहपुर हाट के समीप हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
अंधेरे में 5 मिनट के अंदर दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पहचान 30 वर्षीय पिंटू कुमार के रूप में हुई है, जो वहीं मसाले की दुकान चलाते थे। जानकारी के अनुसार, जैसे ही शाम 7 बजे मॉक ड्रिल शुरू हुई और शहर की बिजली काटी गई, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने महज 5 मिनट के भीतर पिंटू कुमार के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई और अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर तंग गलियों से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और सिटी एसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना, श्री परिचय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी एसपी ने बताया कि:
“प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आ रही है कि मृतक का कुछ समय पहले किसी से झगड़ा हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।”
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह हत्या हुई, उस समय प्रशासन हाई अलर्ट पर था। पूरे शहर में ड्रोन से निगरानी हो रही थी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद अपराधी इतनी बड़ी वारदात कर आसानी से निकल गए, जो पुलिसिया दावों और प्रशासनिक चौकसी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।


