24सिटीलाइव/आदर्श सिंह/पटना: पटना सिटी मालसलामी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया है। यह सफलता उस वक्त मिली जब पुलिस वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि सुमित कुमार उर्फ मिस्टो हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
पुलिस ने सबसे पहले सुमित कुमार उर्फ मिस्टो को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दमराही घाट स्थित सूरज राय के घर पर छापेमारी की, जहाँ से सूरज राय, मोनू कुमार और विकास कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने इन अपराधियों के पास से कुल एक देशी पिस्टल, तीन देशी कट्टे, सात जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए सुमित कुमार, सूरज राय और विकास कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस की विशेष टीम अब इन सभी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके गिरोह और भविष्य की योजनाओं का पता लगाया जा सके। इस पूरी कार्रवाई में थाना अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।