24CityLive:पटना में पाटलिपुत्र स्‍थ‍ित पानी टंकी के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक शख्‍स की हत्‍या कर दी गई। मृतक की पहचान नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के देइली पंचायत निवासी धीरज सिंह उर्फ लालजी के रूप में हुई।

धीरज की पत्‍नी पंचायत की मुखिया हैं। उनकी मां भी मुखिया रह चुकी हैं। धीरज मोकामा के पूर्व विधायक और बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह के करीबी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार धीरज सिंह का परिवार पटना के बोरिंग रोड के एक फ्लैट में रहता है। वह अपनी बेटी का निफ्ट में एडमिशन कराने वाले थे। इसी मकसद से मंगलवार की रात गांव से पटना आए थे। उनको घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। परिवार उनको लेकर पटना के एक अस्‍पताल में गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी।

धीरज को एसके पुरी थाना क्षेत्र में गोली मारी गई। उनकी उम्र करीब 40 साल थी। वह अपनी इनोवा गाड़ी में चालक अभिषेक के साथ थे। बाइकों पर सवार से पांच से छह अपराधियों ने उन्‍हें घेरकर लगातार गोलियां चलाईं। धीरज को कम से कम तीन गो‍लियां लगी हैं।

धीरज का परिवार बोरिंग रोड स्थित हरिहर चैंबर के निकट शिवपुरी के एक फ्लैट में रहता है। उनकी हत्‍या की खबर सुनकर पत्नी मंजू और बेटी अस्‍पताल में पहुंचीं। बताया जा रहा है कि हमले में कुल 12 से 15 राउंड फायरिंग हुई है। उनकी गाड़ी पर ही कम से कम 12 जगह गोली लगी है। धीरज अपनी गाड़ी में पीछे की सीट पर बैठे थे।

पुलिस धीरज की गाड़ी के चालक को साथ ले गई है। पानी टंकी के पास हुई वारदात के बाद डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। अपराधियों की कुछ सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। इसके जरिए ड्राइवर अभिषेक से बदमाशों की पहचान कराई जा रही है।

स्वजन की मानें तो धीरज पटना में रहने पर रोज इसी रास्‍ते का इस्‍तेमाल करते थे। चर्चा है कि हरनौत के दैली गांव में पिछले साल दबंग फंटू सिंह की हत्या के प्रतिशोध में धीरज को मारा गया है। फंटू सिंह मोकामा के दबंग विवेका पहलवान के करीबी थे। विवेका पहलवान कुछ समय पहले तक मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के विरोधी माने जाते हैं। हालांकि, अब दोनों में मित्रता है। बिहार विधानसभा की मोकामा सीट पर हो रहे उप चुनाव में विवेका पहलवान, अनंत सिंह की पत्‍नी नीलम देवी के लिए वोट मांग रहे हैं।

जिस जगह गोलियां बरसाई गई हैं, पटना के पाश इलाके में हत्‍या की इस वारदात से लोगों में डर का माहौल है। मृतक की पत्‍नी अस्‍पताल में मुकेश नाम के शख्‍स का बार-बार नाम ले रही थीं। हालांकि बाद में उनकी तबीयत खराब हो गई और वे बेहोश होने लगींं। एसकेपुरी और शास्‍त्रीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि धीरज पर भी कई आपराधिक मुकदमे थे।

पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है। धीरज सिंह की पटना में किसी से दुश्मनी की बात पता की जा रही है। उनकी पत्‍नी का बयान लेने के बाद पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सकती है। अब तक घटना की स्‍पष्‍ट वजह और हत्‍यारों के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है।