पटना: जेपी गंगा पथ पर रखरखाव कार्य हेतु ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ें पुलिस की नई एडवाइजरी

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:
राजधानीवासियों के लिए जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के सफर से जुड़ी एक अहम खबर है। दीघा से दीदारगंज के बीच स्थित गंगा पथ परियोजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर मेंटेनेंस और बिटुमिनस कंक्रीट के कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने दो दिनों के लिए विशेष यातायात प्लान लागू किया है। पुलिस अधीक्षक यातायात, पटना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 4 मई और 5 मई को सड़क के मुख्य कैरिज-वे और कनेक्टिंग ब्रिज पर मरम्मत का काम किया जाएगा, जिसके कारण मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

इस नए प्लान के तहत, 4 मई 2026 को दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक जाने वाले उत्तरी फ्लैंक में वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा और इस दौरान सभी वाहनों को दक्षिणी फ्लैंक से संचालित कराया जाएगा। इसी तरह, 5 मई 2026 को एलसीटी घाट से दीघा गोलंबर तक आने वाले दक्षिणी फ्लैंक को बंद रखा जाएगा और वाहनों का आवागमन उत्तरी फ्लैंक की ओर मोड़ दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन पूरे दिन के लिए नहीं है। यह नियम दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक और रात 10:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे इन समय अवधियों और डायवर्जन प्लान को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा शुरू करें, ताकि कार्य स्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना या भारी जाम की स्थिति पैदा न हो। कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को देखते हुए यातायात पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपेक्षा की है।

