पटना में वट सावित्री पूजा कर रही सास बहू से बीस लाख के जेवर साफ, रोती रही पीड़िता।

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:बिहार की राजधानी पटना में सुशासन के दावों की हवा निकालते हुए अपराधियों ने एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। मामला पटना के वीआईपी इलाके बुद्धा कॉलोनी थाने के ठीक बगल का है। जहाँ खाकी की नाक के नीचे, थाने से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर वट सावित्री की पूजा कर रही सास बहू को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया और पलक झपकते ही करीब पंद्रह से 20लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पटना के मंदिरी इलाके की रहने वाली पीड़िता सरोज मिश्रा अपनी बहू, जो कि मेडिकल की छात्रा रही हैं, के साथ वट सावित्री पूजा के लिए बुद्धा कॉलोनी थाना परिसर से बिल्कुल सटे कोने पर स्थित वट वृक्ष के पास आई थीं।

पीड़िता सरोज मिश्रा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हम दोनों सास बहू जैसे ही पूजा स्थल पर पहुंचे, वहां पहले से एक अनजान महिला खड़ी थी। हमने उसे थोड़ा साइड हटने को कहा और वहीं बैठकर श्रद्धापूर्वक पूजा करने लगे। पूजा संपन्न करके हम जैसे ही खड़े हुए, हमारे होश उड़ गए क्योंकि दोनों के गले से सोने के भारी जेवर गायब थे। शुरुआत में हमें लगा कि शायद जेवर नीचे गिर गए होंगे, लेकिन जब आसपास खोजने पर भी कुछ नहीं मिला, तो मैं तुरंत बदहवास हालत में दौड़कर बगल में ही स्थित बुद्धा कॉलोनी थाने पहुंची।

शातिर चोरों ने इस वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि पीड़ितों को कानों कान भनक तक नहीं लगी। पीड़िता के मुताबिक, उनकी बहू ने महज छह महीने पहले ही अपने नए जेवर बनवाए थे। अपराधियों ने बहू का पांच भर यानी पांच तोला का भारी सोने का मंगलसूत्र और चेन उड़ा ली।

वहीं, सास सरोज मिश्रा के गले से भी डेढ़ से दो भर की सोने की चेन खींच ली गई। कुल मिलाकर करीब सात से आठ भर सोने के जेवर चोरी हुए हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत पंद्रह से बीस लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है।
इस हाई प्रोफाइल स्नेचिंग के बाद पटना पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर कटघरे में है। पीड़िता सरोज मिश्रा ने बुद्धा कॉलोनी थाने में तैनात अधिकारियों पर लापरवाही का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मैंने ड्युटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को रोते हुए तुरंत घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस का कोई क्विक रिस्पांस यानी त्वरित कार्रवाई नहीं दिखी। थाने के बिल्कुल बगल में घटनास्थल था, लेकिन वहां तक आकर देखने में पुलिसकर्मियों ने घंटों का वक्त बर्बाद कर दिया। अगर पुलिस तुरंत एक्शन लेती, तो शायद बदमाश पकड़े जाते। जब थाने से कोई तत्काल मदद नहीं मिली, तो पीड़िता ने अपने भतीजे कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू को फोन कर मौके पर बुलाया, जिसके बाद पीड़ित परिवार खुद ही अपने स्तर से आसपास के संदिग्धों और रास्तों पर छानबीन करने में जुटा रहा।
थाने के ठीक बगल में हुई इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस अब जाकर जांच की बात कह रही है। घटनास्थल के पास लगे डायल सौ के हाई रेजोल्यूशन कैमरों के साथ साथ आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पीड़िता को भी थाने में फुटेज दिखाया जा रहा है। पुलिस को शक है कि पूजा के वक्त पास में खड़ी वह संदिग्ध महिला इस गिरोह की लाइनर या मुख्य आरोपी हो सकती है। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
